- जिलाधिकारियों संग वर्चुअल बैठक में मुख्यमंत्री के कड़े निर्देश, वक्फ संपत्तियों, अवैध राशन कार्ड, शस्त्र लाइसेंस और मानसून तैयारियों की भी समीक्षा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर कानून व्यवस्था, सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण, भू कानून उल्लंघन, चारधाम यात्रा और मानसून तैयारियों को लेकर सख्त निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि सरकारी भूमि और ग्राम सभाओं की जमीनों से अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज किया जाए तथा भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की त्वरित जांच कर दोषी पाए जाने पर भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शत्रु संपत्तियों पर अवैध कब्जे हटाने, उम्मीद पोर्टल पर दर्ज वक्फ संपत्तियों के ब्योरे की नियमित समीक्षा और जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच, आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों की पहचान, जनसेवा केंद्रों की पड़ताल और फर्जी राशन कार्ड बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले अपात्र लोगों को चिन्हित करने के लिए अभियान तेज करने को कहा। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और वेरिफिकेशन ड्राइव को भी गति देने पर जोर दिया।
आगामी मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में पूर्व तैयारियां समय पर पूरी करने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति सुचारु रखने और बिजली कटौती की स्थिति में आम जनता को पूर्व सूचना देने के निर्देश दिए। उन्होंने चारधाम यात्रा की नियमित मॉनिटरिंग, श्रद्धालुओं से फीडबैक लेने, यात्रा मार्गों पर पेयजल और ट्रैफिक प्रबंधन मजबूत करने तथा मानसखंड यात्रा के तहत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य को अगले माह तक पूरा करने के निर्देश भी दिए।बैठक में मुख्यमंत्री ने कृषि और उद्यान विभाग की योजनाओं—जैसे पॉलीहाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन—को जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर देते हुए कहा कि योजनाएं कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि किसानों तक वास्तविक लाभ पहुंचे। साथ ही जोशीमठ समेत आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्यों को मानसून से पहले तेजी से पूरा करने और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए।







