हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। काठगोदाम पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग चार लाख रुपये कीमत की 2 किलो 14 ग्राम अवैध चरस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस मामले में नशा तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन की भी जांच में जुट गई है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपदभर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान जगन्नाथ कॉलोनी स्थित विजन फ्यूचर कोचिंग के पास पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर इन्द्रजीत सिंह नामक व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2 किलो 14 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान इन्द्रजीत सिंह निवासी हरिपुर कर्नल वार्ड, काठगोदाम के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गमले बेचने और मजदूरी का कार्य करता है तथा बरामद चरस उसे एक परिचित व्यक्ति द्वारा बिक्री के लिए दी गई थी। पुलिस अब उस सप्लायर की तलाश में जुट गई है। आरोपी के खिलाफ थाना काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2010 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।





