- सरकारी कार्य में बाधा डालने वाला आरोपी कार समेत गिरफ्तार, एसएसपी का सख्त संदेश
हल्द्वानी। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों से अभद्रता, धमकी और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले एक युवक को हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए उसे दबोच लिया। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने साफ संदेश दिया है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों या लोकसेवकों से अभद्रता करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली हल्द्वानी पुलिस के अनुसार 10 मई की रात पुलिस टीम तिकोनिया क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी।
इसी दौरान ‘कबाड़ी कबाब’ के पास काली फिल्म लगी एक संदिग्ध कार को रोका गया। चालान की कार्रवाई शुरू होते ही कार चालक ने पुलिस कर्मियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उन्हें जान से मारने तथा “वर्दी उतरवा देने” की धमकी दी। इसके बाद आरोपी पुलिस के आदेशों की अनदेखी करते हुए कार लेकर फरार हो गया। उपनिरीक्षक आरती की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी लवजीत सिंह निवासी लालकुआं को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त कार संख्या UK 18B 1989 भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ या सरकारी कार्य में बाधा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने आमजन से भी कानून और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।






