देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात लूट और गोलीबारी की सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी की मौत हो गई, जबकि थानाध्यक्ष समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस कंट्रोल रूम को 29/30 अप्रैल की रात सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति से लूटपाट कर उसे गोली मार दी है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां घायल अवस्था में मिले पीड़ित देवराज ने बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उससे लूटपाट की और करीब दो लाख रुपये, मोबाइल, दस्तावेज और बैग छीनकर गोली मार दी। इसके बाद आरोपी विश्रांति क्षेत्र की ओर फरार हो गए। घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद पुलिस टीम बदमाशों के पीछे निकल पड़ी।
कुछ दूरी पर संदिग्ध कार दिखाई देने पर पीछा किया गया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और वाहन छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली से प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर भी घायल हो गए। सभी घायलों को पहले प्रेमनगर अस्पताल और बाद में हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान घायल बदमाश की मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। जिलेभर में नाकाबंदी कर बॉर्डर क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, वहीं फरार बदमाशों की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई और पूछताछ जारी है, जबकि इस घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।




