हल्द्वानी। जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं भवन गणना का कार्य कुमाऊं मंडल में शुरू हो गया है। आयुक्त कुमाऊं मंडल एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षित गणना टीमें घर-घर जाकर भवनों का विवरण एकत्र कर रही हैं, जिससे इस राष्ट्रीय अभियान को समयबद्ध और सटीक रूप से पूरा किया जा सके। उन्होंने बताया कि गणना के दौरान प्रगणक और गणना कार्मिक प्रत्येक घर पर पहुंचकर आवश्यक सूचनाएं एकत्र करेंगे और उनके पास अधिकृत सरकारी पहचान पत्र भी होगा, जिसे नागरिक सत्यापित कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी संकोच के सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना का कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि गणना प्रक्रिया के दौरान घरों पर चिन्हांकन या नंबर अंकित किए जा सकते हैं, जिसे लेकर किसी प्रकार का विरोध न करें, क्योंकि यह पूरी प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने इसे देश के लिए महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए जनसहयोग को अनिवार्य बताया। साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 1855 भी जारी किया गया है, जो प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक सक्रिय रहेगा। इस नंबर के माध्यम से लोग जनगणना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।प्रशासन ने मंडलवासियों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करें, ताकि सटीक आंकड़ों के आधार पर भविष्य की योजनाओं को बेहतर तरीके से तैयार किया जा सके।







