हल्द्वानी। शहर के गौलापार स्टेडियम में न्यायपालिका और अधिवक्ता समुदाय के बीच खेला गया ‘बैच बनाम बार’ फ्रेंडली क्रिकेट मैच रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा, जिसमें जस्टिस इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बार एसोसिएशन की टीम को 20 रन से पराजित कर जीत अपने नाम की। खेल के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच आपसी समन्वय और सौहार्द का संदेश भी देखने को मिला। मैच में टॉस जीतकर बार एसोसिएशन ने पहले बल्लेबाजी के लिए जजों की टीम को आमंत्रित किया। निर्धारित 20 ओवरों में जस्टिस इलेवन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 179 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अधिवक्ताओं की टीम ने भी संघर्षपूर्ण खेल दिखाया, लेकिन निर्धारित ओवरों में 159 रन ही बना सकी और मुकाबला 20 रन से गंवा बैठी।
मैच के दौरान खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पुरस्कार भी वितरित किए गए। अनिरुद्ध को शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया, जिन्होंने गेंदबाजी में 4 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। प्रदीप मणि त्रिपाठी को बेस्ट विकेटकीपर, मनोज मोहन को बेस्ट बल्लेबाज, अनिरुद्ध को बेस्ट बॉलर और जस्टिस रविंद्र मैठाणी को बेस्ट फील्डर के खिताब से नवाजा गया। हालांकि मैच के दौरान फील्डिंग करते समय जस्टिस रविंद्र मैठाणी चोटिल भी हो गए, जिसके चलते कुछ समय के लिए खेल रुका, लेकिन उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। यह मुकाबला खेल भावना, आपसी सौहार्द और सकारात्मक संवाद का प्रतीक बनकर उभरा, जिसने न्यायपालिका और अधिवक्ताओं के बीच संबंधों को और मजबूत करने का काम किया।







