हल्द्वानी। लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए शिक्षा विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों की समय सारणी में बड़ा बदलाव किया गया है, जिसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने जनपद के शहरी क्षेत्रों में संचालित विद्यालयों के समय में परिवर्तन के निर्देश जारी किए हैं। नए आदेश के तहत अब प्रार्थना सभा सुबह 6:45 बजे आयोजित होगी, जबकि कक्षाओं का संचालन सुबह 7:00 बजे से शुरू किया जाएगा।
यह व्यवस्था आगामी 15 मई तक प्रभावी रहेगी, ताकि भीषण गर्मी और हीटवेव के दुष्प्रभाव से बच्चों को सुरक्षित रखा जा सके। यह निर्णय हल्द्वानी, रामनगर और कोटाबाग ब्लॉक के सभी विद्यालयों पर लागू होगा। शिक्षा विभाग का मानना है कि सुबह के समय पढ़ाई कराने से तापमान के बढ़ते प्रभाव से बचाव संभव होगा और विद्यार्थियों का स्वास्थ्य सुरक्षित रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि गर्मी के इस दौर में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी ऐसे कदम उठाए जा सकते हैं। इस फैसले को अभिभावकों और शिक्षकों के बीच राहत भरा कदम माना जा रहा है, जो बच्चों को भीषण गर्मी से बचाने में कारगर साबित होगा।







