देहरादून। शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार पर सतर्कता विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक उप शिक्षा अधिकारी और एक महिला को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत छात्रों की फीस प्रतिपूर्ति के बिल भुगतान में रिश्वत मांगने की शिकायत पर की गई, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया है। सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने आज 1 अप्रैल को जाल बिछाकर उप शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी डोईवाला धनवीर सिंह बिष्ट और सहयोगी पुष्पांजलि को उस समय दबोच लिया, जब वे शिकायतकर्ता से 1,00,000 रुपये की घूस ले रहे थे।
यह रिश्वत राशि गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल, ऋषिकेश में अध्ययनरत छात्रों की प्रतिपूर्ति के बिल पास कराने के एवज में मांगी गई थी। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को तत्काल हिरासत में लेकर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और साफ संदेश दिया गया है कि सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।





