हल्द्वानी। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत चलाए जा रहे अभियान में नैनीताल पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 60 लाख रुपये से अधिक कीमत की स्मैक के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस व एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बेलबाबा क्षेत्र में संदिग्ध महिला को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 203 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 60.90 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार महिला की पहचान कनिका (40 वर्ष), निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैम्प, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल ने टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2500 रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।





