हल्द्वानी। उत्तराखंड परिवहन निगम के मार्गों पर अवैध रूप से संचालित डग्गामार वाहनों और स्टेज कैरियर परमिट की शर्तों के उल्लंघन को लेकर रोडवेज कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कुमाऊँ क्षेत्र की विभिन्न रोडवेज यूनियनों ने संभागीय परिवहन अधिकारी को चेतावनी पत्र देते हुए मांग की है कि अवैध संचालन पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की जाए, अन्यथा 26 मार्च के बाद उग्र आंदोलन और अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उत्तराखण्ड परिवहन निगम (रोडवेज कर्मचारी संयुक्त मोर्चा) कुमाऊँ क्षेत्र के पदाधिकारियों ने पत्र में कहा है कि प्रदेश की जनता को सस्ती, सुगम और सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित उत्तराखंड परिवहन निगम के अस्तित्व पर अवैध संचालन ने गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। उनका आरोप है कि अंतरराज्यीय मार्गों पर निजी स्टेज कैरियर बसें ऑनलाइन बुकिंग एप के माध्यम से अवैध रूप से कॉन्ट्रैक्ट कैरिज की तरह संचालन कर रही हैं।
यात्री प्रति व्यक्ति ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से यात्रा कर रहे हैं और रास्ते में निगम की बसों के यात्रियों को भी उठा लिया जाता है, जो परमिट की शर्तों का खुला उल्लंघन है। यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि ऐसे वाहनों के कारण यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। ऑफ सीजन में कम किराया दिखाकर यात्रियों को आकर्षित किया जाता है, जबकि पीक सीजन में मनमाना किराया वसूला जाता है। इसके साथ ही कई वाहन सड़क किनारे कहीं भी यात्रियों को चढ़ाने-उतारने लगते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। यूनियनों ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय टैक्सियां रोडवेज बस स्टेशनों के आसपास और कई मामलों में स्टेशन परिसर के भीतर से ही सवारियां भर रही हैं, जिससे निगम की बसों को पर्याप्त यात्री नहीं मिल पा रहे हैं। उनका कहना है कि अवैध संचालन के चलते निगम की आय में लगातार गिरावट आई है और हालात ऐसे हो गए हैं कि बसों के स्पेयर पार्ट्स खरीदने और कर्मचारियों को समय पर वेतन देने में भी कठिनाई हो रही है।

इस संबंध में यूनियनों ने प्रशासन से निगम के मार्गों पर चल रहे डग्गामार वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाने, ऑनलाइन बुकिंग के जरिए हो रहे अवैध संचालन पर रोक लगाने तथा बस स्टेशनों के एक किलोमीटर के दायरे में अवैध टैक्सी स्टैंड बंद कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 26 मार्च 2026 तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो कुमाऊँ मंडल की सभी सक्रिय यूनियनें एकजुट होकर संभागीय परिवहन कार्यालय के सामने उग्र आंदोलन शुरू करेंगी। वहीं मामले में प्रतिक्रिया देते हुए आरटीओ डॉ० गुरदेव सिंह ने बताया कि रोडवेज यूनियन के कुछ पदाधिकारी उनसे मिले थे और बस स्टेशन के आसपास टैक्सी, मैक्सी और अन्य वाहनों द्वारा अवैध रूप से सवारियां ढोने की शिकायत दी थी। इस संबंध में प्रवर्तन दल को निर्देशित कर दिया गया है कि रोडवेज स्टेशन के आसपास अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यात्री रोडवेज बस स्टेशन से ही अपने गंतव्य के लिए यात्रा करें। साथ ही यूनियन पदाधिकारियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा कर संचालन न करें और बस स्टेशन परिसर के भीतर से ही यात्री परिवहन सुनिश्चित करें।









