हल्द्वानी। उत्तराखंड के युवाओं को बेहतर शिक्षा और करियर के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। आगामी शैक्षणिक सत्र से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी छात्रों को इंजीनियरिंग डिप्लोमा, होटल मैनेजमेंट और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली लेकिन संसाधनों की कमी से जूझ रहे युवाओं को मुख्यधारा में लाना है।ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में ग्राफिक एरा ग्रुप के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने कहा कि उत्तराखंड में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मार्गदर्शन और अवसर की है। उन्होंने यूनिवर्सिटी की पूर्व छात्रा मीनल नेगी का उदाहरण देते हुए बताया कि टिहरी जिले के डोबरा महड़ गांव के एक शिक्षक की बेटी मिनल ने सीमित संसाधनों के बावजूद संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में 56वीं रैंक हासिल कर भारतीय प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाया है, जो राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा है।

डॉ. घनशाला ने बताया कि इसी प्रेरणा से देहरादून और हल्द्वानी में सिविल सेवा की तैयारी के लिए उच्च स्तरीय प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा, जिसमें आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली युवाओं को पूरी तरह निशुल्क कोचिंग दी जाएगी। इसके अलावा होटल उद्योग में कार्यरत लेकिन औपचारिक प्रशिक्षण से वंचित युवाओं के लिए एक वर्षीय होटल मैनेजमेंट कोर्स भी शुरू किया जाएगा, जिसमें इंडस्ट्री ट्रेनिंग शामिल होगी ताकि युवा बेहतर स्तर से अपने करियर की शुरुआत कर सकें। उन्होंने बताया कि आर्थिक कारणों से तकनीकी शिक्षा से दूर रहने वाले छात्रों के लिए इंजीनियरिंग डिप्लोमा कोर्स भी निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। देहरादून और भीमताल में संचालित इन पाठ्यक्रमों में कंप्यूटर साइंस, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन तथा सिविल इंजीनियरिंग जैसे विषय शामिल होंगे। चयनित छात्रों को केवल अपने आवास की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। पत्रकार वार्ता में डॉ. मनोज लोहानी, कर्नल ए. के. नायर, डॉ. हिमानी सेमवाल सहित संस्थान के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।








