देहरादून। विकासनगर क्षेत्र में युवक के अपहरण और एक लाख रुपये की फिरौती मांगने की सनसनीखेज घटना का दून पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद करते हुए इस वारदात में शामिल पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को धार्मिक संगठन से जुड़ा बताकर लोगों को धमकाने और ब्लैकमेल कर वसूली करने का गिरोह चला रहे थे। घटना 2 मार्च की शाम की है, जब भोजावाला निवासी पुष्पा देवी ने कोतवाली विकासनगर में शिकायत दर्ज कराई कि कुछ अज्ञात व्यक्ति कार और मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचे, जबरन भीतर घुसे और उनके पुत्र शक्ति पुंडीर के साथ मारपीट कर उसे गाड़ी में बैठाकर अगवा कर ले गए। कुछ देर बाद अज्ञात नंबर से कॉल कर युवक को छोड़ने के बदले एक लाख रुपये की मांग की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर तत्काल कई पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए रात में ही युवक को विकासनगर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया और पांचों आरोपियों को दबोच लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नशे के आदी युवकों को निशाना बनाते थे। वे खुद को धार्मिक संगठन से जुड़ा बताकर झूठे आरोप लगाते, जेल भिजवाने की धमकी देते और ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूलते थे। इस मामले में भी उन्होंने युवक पर मादक पदार्थ तस्करी का झूठा आरोप लगाकर उसे जबरन कार में बैठाया और परिजनों से फिरौती मांगी। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।












