रुड़की। होली पर्व से पहले बाजार में नकली नोट चलाने की साजिश को कोतवाली रुड़की पुलिस ने नाकाम कर दिया। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में नकली नोट खपाने की फिराक में खड़े एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 500 रुपये के 38 जाली नोट बरामद हुए हैं, जिनकी कुल कीमत 19 हजार रुपये बताई जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर त्यौहारों के मद्देनज़र जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 1 मार्च की रात कोतवाली रुड़की पुलिस टीम मोबाइल गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कलियर रोड स्थित सोनाली पार्क के सामने एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ खड़ा है और नकली नोटों का कारोबार करता है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मुकेश कुमार गर्ग पुत्र कुंवर सेन, निवासी मोहल्ला सेनियान, कस्बा व थाना शाहपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के कुल 38 जाली नोट बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी त्यौहार के दौरान बाजारों में होने वाली भीड़ और अधिक लेन-देन का फायदा उठाकर नकली नोट खपाने की फिराक में था। आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली रुड़की में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि त्यौहारों के दौरान लेन-देन करते समय नोटों की सावधानीपूर्वक जांच करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस प्रकार के अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।






