हल्द्वानी। शहर में तीन पानी चौराहे से नरीमन तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य को गति देने के लिए प्रशासन ने मंडी पुलिस चौकी के स्थानांतरण की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासनिक और विभागीय स्तर पर लगातार बैठकें कर परियोजना को समयबद्ध पूरा करने की रणनीति बनाई जा रही है। इसी क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी ने मंडी पुलिस चौकी के शिफ्टिंग को लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारी, मंडी सचिव और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सड़क से चौकी को जल्द हटाकर नई जगह निर्माण प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए ताकि सड़क चौड़ीकरण कार्य में कोई बाधा न आए। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा प्राधिकरण विकास मद से मंडी पुलिस चौकी भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिसे लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया गया था।

अब निर्माण कार्य मंडी परिषद द्वारा किया जाएगा और इसके लिए धनराशि शीघ्र हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्य में देरी न हो। बैठक में यह भी तय किया गया कि पुलिस विभाग की आवश्यकताओं के अनुरूप भवन के डिजाइन में जरूरी संशोधन करते हुए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार कर टेंडर प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए। प्रशासन का कहना है कि तीन पानी से नरीमन तक सड़क चौड़ीकरण कार्य शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और पर्यटकों व स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से प्राथमिकता पर किया जा रहा है। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परियोजना निर्धारित समय में पूरी हो सके और शहर को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।






