हल्द्वानी। बड़ी मंडी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर विशेष टीम गठित की थी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। आज 12 फरवरी की सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि बड़ी मंडी क्षेत्र में एक युवक और एक युवती मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली हल्द्वानी पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में दोनों की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। मृतकों की पहचान शुभम टम्टा निवासी अल्मोड़ा और लक्ष्मी पोखरिया निवासी ओखलकांडा, नैनीताल के रूप में हुई। मृतका के परिजन की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर, सौरभ भट्ट उर्फ भटिया, दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव और दीपेश लटवाल उर्फ राज ने बताया कि वे सभी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान मृतका के साथ छेड़छाड़ को लेकर विवाद हुआ। विरोध करने पर पहले शुभम की हत्या कर दी गई और घटना छिपाने के लिए लक्ष्मी को भी मौत के घाट उतार दिया गया। पहचान मिटाने के उद्देश्य से दोनों के सिर पत्थर से कुचल दिए गए। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी गौरव नेगी एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दीपेश लटवाल पर भी विभिन्न धाराओं में अनेक मामले दर्ज हैं। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने खुलासे में शामिल पुलिस टीम को 2500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा करते हुए कहा कि जघन्य अपराध करने वालों की समाज में कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।






