देहरादून। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद देहरादून पुलिस ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए चर्चित हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य शूटर और उसके सहयोगी को अलग-अलग स्थानों पर हुई पुलिस मुठभेड़ों में गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों के साथ हुई फायरिंग में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उनके पैरों में गोली लगी है। हत्याकांड के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। शहर से लेकर देहात तक पुलिस टीमों ने लगातार दबिश और निगरानी बढ़ा रखी थी। तड़के सुबह इस अभियान के दौरान पुलिस को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी सफलता हाथ लगी। रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए तत्काल कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में स्कूटी सवार बदमाश ने पुलिस के रुकने के संकेत को अनदेखा कर भागने का प्रयास किया और एक खंडर फैक्ट्री में घुसकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग की। जवाबी मुठभेड़ में उसे भी पैर में गोली लगने के बाद दबोच लिया गया। दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी देहरादून अजय सिंह स्वयं अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस द्वारा उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों व साजिश के पहलुओं की भी जांच की जा रही है। राजधानी में हुई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि संगीन अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।






