देहरादून। उत्तराखंड राज्य की जयंती पर आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8260.72 करोड़ रुपये की 31 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 7329.06 करोड़ की 19 नई योजनाओं का शिलान्यास और 931.65 करोड़ की 12 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल रहा। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आने वाले दशक में देश के सबसे तेज विकसित होने वाले राज्यों में गिना जाएगा और केंद्र सरकार राज्य के विकास में हर कदम पर साथ खड़ी है। राज्य की दो प्रमुख पेयजल परियोजनाओं को विशेष महत्व मिला, जिनमें देहरादून और टिहरी में प्रस्तावित 2491.96 करोड़ की सौंग बांध पेयजल परियोजना तथा नैनीताल में 2584.10 करोड़ की बहुउद्देशीय जमरानी बांध परियोजना प्रमुख हैं। सौंग बांध से देहरादून को 150 एमएलडी जलापूर्ति सुनिश्चित होगी, जबकि जमरानी बांध से पेयजल, सिंचाई और 14 मेगावाट विद्युत उत्पादन का मार्ग खुलेगा।

इसके साथ ही प्रदेशभर में ऊर्जा, सड़क अवसंरचना, जलापूर्ति, खेल संरचना, तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, वन्यजीव संरक्षण और चिकित्सा सुविधाओं से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं की सौगात दी गई। पिथौरागढ़, चमोली, टिहरी, चम्पावत, पौड़ी, देहरादून और नैनीताल जिलों को बड़े पैमाने पर विकास कार्यों का लाभ मिलेगा। समारोह में लोकार्पित परियोजनाओं में पिथौरागढ़ के बरम में 220 केवी उपसंस्थान, देहरादून जलापूर्ति योजना, विभिन्न जनपदों में सोलर पावर प्लांट, पिथौरागढ़ और पौड़ी में पेयजल योजनाएं, धारचूला में भूस्खलन उपचार कार्य, हल्द्वानी में हॉकी एस्ट्रोटर्फ और तकनीकी शिक्षा से संबंधित कई भवन निर्माण शामिल हैं। राज्य स्थापना दिवस के मौके पर मिली यह बड़ी सौगात प्रदेश में अवसंरचना और जनसेवा से जुड़े क्षेत्रों में नई ऊर्जा भरने वाली मानी जा रही है।








