हल्द्वानी। जिलाधिकारी वंदना के निर्देशन में हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से वार्डवार जन सुविधा शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को वार्ड संख्या 15 और 20 में पार्षद कार्यालयों में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक पहुंचे और अपनी व्यक्तिगत व सामूहिक समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित इन शिविरों में जिला प्रशासन ने नागरिकों की शिकायतों का निस्तारण करने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई। नागरिकों द्वारा मुख्य रूप से आपूर्ति व्यवस्था, राशन कार्ड में नाम जोड़ने या हटाने और नए राशन कार्ड जारी करने से संबंधित शिकायतें उठाई गईं। कई मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई हेतु भेजा गया। शिविर में आधार सेवा से जुड़े कार्यों में 49 आधार कार्ड बनाए गए या संशोधित हुए। पूर्ति विभाग से जुड़े 27 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राशन कार्ड बनवाने और नाम जोड़ने जैसी समस्याएं शामिल थीं। इसके अतिरिक्त यूसीसी से जुड़े 14 आवेदन और दो स्ट्रीट लाइट संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका निस्तारण तत्काल किया गया।
शिविर में नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, सहायक नगर आयुक्त जी. के. भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। वार्ड 15 के पार्षद सलमान सिद्दीकी और वार्ड 20 की पार्षद हेमंत शर्मा ने भी नागरिकों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई। जिला प्रशासन ने बताया कि इन जन सुविधा शिविरों के माध्यम से नागरिकों को उनके ही वार्ड क्षेत्र में आधार कार्ड, राशन कार्ड, विवाह पंजीकरण, बिजली-पानी और नगर निगम से जुड़ी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और सेवाओं की पहुंच सहज और सुलभ हो रही है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में भाग लेने की अपील की है ताकि योजनाओं का लाभ सीधा और सरल तरीके से हर व्यक्ति तक पहुंच सके। अगला जन सुविधा शिविर 12 सितम्बर को वार्ड संख्या 17 हीरानगर गोलज्यू मंदिर और वार्ड संख्या 18 भोलानाथ गार्डन स्थित पार्षद कार्यालय में आयोजित किया जाएगा।






