हल्द्वानी। गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस विधायकों द्वारा किए गए अमर्यादित व्यवहार और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने के विरोध में आज भारतीय जनता पार्टी ने हल्द्वानी के तिकोनिया चौराहा स्थित बुद्ध पार्क में कांग्रेस का पुतला दहन किया। भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस विधायकों ने जनता के मुद्दों को विधानसभा में उठाने के बजाय लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुँचाने का काम किया।
भाजपा के इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट, जिला प्रभारी राजेश कुमार, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री रेनू अधिकारी, प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी चंदन बिष्ट, जिला महामंत्री रंजन बर्गली सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कांग्रेस विधायकों पर लोकतंत्र की गरिमा को तार-तार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह आचरण जनहित के मुद्दों को दरकिनार कर केवल अराजकता फैलाने का प्रयास था।













