नई दिल्ली/देहरादून। उत्तरकाशी जिले के हर्षिल क्षेत्र स्थित धराली गांव में मंगलवार को बादल फटने की घटना ने तबाही मचा दी। इस प्राकृतिक आपदा में जन-धन की भारी क्षति की आशंका है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए राज्य सरकार को हर संभव केंद्रीय सहायता का आश्वासन दिया है। गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर वार्ता कर पूरी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने एनडीआरएफ व अन्य राहत एजेंसियों को तत्परता के साथ कार्य करने और प्रभावितों को तुरंत सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड सरकार के साथ पूरी तरह खड़ी है और राहत कार्यों के लिए सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस त्रासदी पर गहरा दुःख प्रकट किया है। घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने अपना प्रस्तावित दौरा स्थगित कर देहरादून लौटने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावितों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत और बचाव कार्यों में कोई कोताही न हो और सभी संबंधित एजेंसियां एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना, पुलिस व जिला प्रशासन युद्धस्तर पर काम करें। मुख्यमंत्री धामी लगातार वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क में हैं और स्थिति की नियमित जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ितों के साथ है और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी। साथ ही ईश्वर से सभी के सकुशल होने की कामना भी की।






