- विजिलेंस टीम की बड़ी कार्रवाई, निदेशक ने टीम को नकद इनाम देने की घोषणा की
रुड़की। राजस्व न्यायालय में चल रहे एक वाद की सुनवाई दोबारा शुरू करवाने के एवज में ₹25,000 की रिश्वत मांग रहे अपर तहसीलदार रुड़की के पेशकार रोहित को विजिलेंस की ट्रैप टीम ने ₹10,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी विजिलेंस सैक्टर देहरादून की टीम द्वारा स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तहसील कार्यालय, रुड़की से की गई। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस टोल फ्री नंबर 1064 पर सूचना दी थी कि उसकी बहन की कृषि भूमि से जुड़ा वाद तहसीलदार न्यायालय में लंबित था, जिसमें एकपक्षीय आदेश पारित होने के बाद उसने पुनः सुनवाई के लिए रेस्टोरेशन प्रार्थना पत्र दाखिल किया था। इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए पेशकार रोहित द्वारा ₹25,000 की रिश्वत मांगी जा रही थी, जिसे देने से शिकायतकर्ता ने इनकार कर दिया और मामले की शिकायत की।
विजिलेंस टीम ने रविवार को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पेशकार रोहित पुत्र रामपाल सिंह, निवासी ग्राम कस्बा रुड़की को रंगे हाथ पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के निवास व अन्य परिसरों पर छापेमारी कर चल-अचल संपत्तियों के संबंध में पूछताछ की गई। विजिलेंस निदेशक डॉ. वी. मुरूगेसन ने ट्रैप टीम की सराहना करते हुए उन्हें नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। विजिलेंस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है या आय से अधिक संपत्ति अर्जित करता है, तो इसकी सूचना टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सऐप नंबर 9456592300 पर निडर होकर दें।






