हल्द्वानी। मेयर गजराज सिंह बिष्ट लगातार ताबड़तोड़ एक्शन में हैं। मंगलवार को उन्होंने मंगल पड़ाव, मछली बाजार और वर्कशॉप लाइन में नगर निगम की खाली पड़ी जमीनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट और नगर निगम की टीम मौजूद रही। निरीक्षण के दौरान मेयर ने फड़ बाजार, पार्किंग, गोदाम और अन्य जनहित के कार्यों के लिए इन जमीनों के उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की आय बढ़ाने और जनता को बेहतर सुविधाएं देने के लिए ठोस योजनाएं बनाई जा रही हैं।
इसके साथ ही, हल्द्वानी को सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान भी लगातार जारी रहेगा। मीडिया से बातचीत में मेयर बिष्ट ने कहा कि शहर को विकसित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने जनता से अपील की कि हल्द्वानी को स्वच्छ, सुंदर और सुसज्जित बनाने में नगर निगम का साथ दें ताकि शहर को नई पहचान मिल सके।






