हल्द्वानी। यातायात नियमों के उल्लंघन और अवैध रूप से संचालित वाहनों पर नकेल कसते हुए नैनीताल पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र में बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में 30 ऑटो और ई-रिक्शा जब्त किए गए, जबकि नियमों का पालन न करने पर 36 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी के नेतृत्व में पुलिस और पीएसी टीम ने चोरगलिया रोड, ताज चौराहा, केमू स्टैंड, इंदिरा नगर, रजा गेट और लाइन नंबर 17 समेत कई इलाकों में अभियान चलाया।
इस दौरान पुलिस ने उन चालकों को चिह्नित किया जो बिना सत्यापन, निर्धारित वर्दी और आई-कार्ड के वाहन चला रहे थे या निर्धारित रूट से अलग रास्तों पर वाहन संचालित कर रहे थे। पुलिस ने इन चालकों पर 18,000 रुपये संयोजन शुल्क वसूला, जबकि चार चालकों के खिलाफ कोर्ट चालान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






