हल्द्वानी। उत्तराखंड की पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकार जीवन राज को प्रतिष्ठित “उत्तराखंड द्रोणा रत्न सम्मान 2024” से नवाजा गया है। यह सम्मान उनकी 14 वर्षों की निष्ठापूर्ण पत्रकारिता और समाज सेवा के प्रति उनकी अद्वितीय प्रतिबद्धता को समर्पित है। जीवन राज को यह सम्मान महाभारत में द्रोणाचार्य का किरदार निभाने वाले बॉलीवुड अभिनेता सुरेंद्र पाल सिंह और रूसी अभिनेत्री एलिना टुटेजा द्वारा प्रदान किया गया। मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर स्थित घुड़दौड़ा गांव के निवासी जीवन राज ने अपने संघर्ष और मेहनत से पत्रकारिता के क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई। गरीबी और कठिन परिस्थितियों में पले-बढ़े जीवन राज ने समाजशास्त्र और पत्रकारिता एवं जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल कर नई दिशाओं की ओर कदम बढ़ाए। साल 2008 में हल्द्वानी आने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को अपना करियर बनाया और तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचे।
वर्तमान में वह “पहाड़ प्रभात” समाचार पत्र और “पहाड़ प्रभात न्यूज पोर्टल” का संचालन कर रहे हैं, जो जन सरोकारों, उत्तराखंड की संस्कृति और सामाजिक मुद्दों पर केंद्रित है। पत्रकारिता के अलावा जीवन राज एक बेहतरीन कुमाऊनी गीतकार भी हैं। उनके लिखे गीतों को उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायकों ने गाया है, जो राज्य की संस्कृति को सजीव बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। सम्मान प्राप्त करने के बाद जीवन राज ने अपने परिवार और यश इवेंट मैनेजमेंट का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे अपने संघर्षों की सफलता और परिवार के समर्थन का प्रतीक बताया। जीवन राज ने कहा, “यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा है। मैं आगे भी समाज और संस्कृति के लिए समर्पित रहूंगा।”

जीवन राज की सफलता उनकी माता चंपा देवी, पिता दनीराम और धर्मपत्नी मोनिका आर्या के सहयोग और प्रेरणा का परिणाम है। उनकी पत्नी मोनिका, जो पेशे से शिक्षक हैं, और उनके दो बच्चे जीविका (6 वर्ष) और मंजीव (4 वर्ष), इस सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं। जीवन राज का सफर नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है, जो दर्शाता है कि संघर्ष और मेहनत से असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है।






