देहरादून। निकाय चुनावों को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन ने विभिन्न नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए हैं। इन पर्यवेक्षकों को चुनाव प्रक्रिया में निगरानी और समन्वय का दायित्व सौंपा गया है। पार्टी ने पर्यवेक्षकों की सूची भी जारी कर दी है।


प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी दी कि पार्टी ने निकाय चुनावों को लेकर वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों में पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उन्होंने बताया कि इन पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी होगी कि चुनावी प्रक्रिया में संगठन की नीतियों को लागू करते हुए बेहतर तालमेल बनाया जा सके।


सूची में प्रदेश के विभिन्न वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है, जो संबंधित क्षेत्रों में पार्टी की ओर से चुनावी रणनीति और व्यवस्थाओं का नेतृत्व करेंगे। निकाय चुनावों के मद्देनजर भाजपा के इस कदम को संगठन की सक्रियता और मजबूती का संकेत माना जा रहा है।






