हरिद्वार। मंगलौर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बारातियों से भरी एक स्कॉर्पियो के डिवाइडर से टकराकर पलटने से चार लोगों की जान चली गई, जबकि अन्य घायल अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। इस घटना ने बारात की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह, सीओ मंगलौर विवेक कुमार और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाने और दुर्घटना की जानकारी परिजनों तक पहुंचाने के साथ अन्य जरूरी कार्यवाही शुरू की। यह हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ, जब मनीष पुत्र बृजेश की बारात मेरठ के इख्तियारपुर से रुड़की के चंद्रपुरी जा रही थी। बारातियों से भरी एक स्कॉर्पियो (नंबर UP 15 DD 3111) गुड़ मंडी के पास पहुंचते ही अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और कई बार पलट गई। वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सक्षम हॉस्पिटल मंगलौर और सिविल हॉस्पिटल रुड़की पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान दो और घायलों की जान चली गई, जिससे दुर्घटना में मरने वालों की संख्या चार हो गई है।सिविल हॉस्पिटल रुड़की में घायल मुकुल का इलाज जारी है, जिन्हें नाक पर चोटें आई हैं। वहीं, सक्षम हॉस्पिटल में काशी पुत्र विजय, तुषार पुत्र सतीश, और अमित पुत्र अमरपाल भर्ती हैं। राज हॉस्पिटल में घायल दीक्षांत पुत्र जोगिंदर का भी इलाज हो रहा है। हादसे में जान गंवाने वालों में सुजल पुत्र सतीश, सोनू पुत्र मुकेश, और वंश पुत्र अमित शामिल हैं। एक अन्य मृतक की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। दुर्घटना के बाद पुलिस को घायलों से जानकारी मिली कि स्कॉर्पियो में एक और व्यक्ति सवार था। एसपी देहात के निर्देश पर पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास खोजबीन शुरू की और लगभग एक घंटे के सघन सर्च अभियान के बाद सड़क के किनारे अंधेरे में बदहवास हालत में बैठे आदित्य पुत्र विपिन को ढूंढ़ निकाला। उसे तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया है।






