हल्द्वानी। कांग्रेस ने लंबे समय बाद हल्द्वानी में अपनी ताकत का प्रदर्शन किया, जहां महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार के खिलाफ जन आक्रोश रैली निकाली गई। इस रैली में प्रदेश भर से कांग्रेस के दिग्गज नेता शामिल हुए और सरकार को विफल बताते हुए कड़ी नारेबाजी की। हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान से जिलाधिकारी कैंप कार्यालय तक निकाली गई रैली में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक सुमित हृदयेश सहित कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।

कुमाऊं मंडल में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से भारी नुकसान हुआ, लेकिन राहत और पुनर्निर्माण के काम में तेजी नहीं आई। कई स्थानों पर सड़कों की स्थिति अब भी खराब है। कांग्रेस ने नैनीताल जिले की प्रमुख समस्याओं का भी जिक्र किया। गौलापुल के निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि कुमाऊं का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब शोपीस बनकर रह गया है। इसके अलावा आईएसबीटी और रिंग रोड जैसी परियोजनाएं ठंडे बस्ते में हैं, जिन पर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। रैली के दौरान पुलिस ने सीतापुर आँखों के अस्पताल के पास बैरिकेडिंग कर रैली को रोका, जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और अन्य नेताओं ने जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में एडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से अपील की गई कि जनता की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए और राहत पहुंचाई जाए।






