- स्वच्छता ही सेवा-2024 कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किया प्रतिभाग
- क्रॉस कंट्री मैराथन को दिखाई हरी झंडी,
- ‘एक पेड़ मां’ अभियान के तहत किया पौधरोपण
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के परेड मैदान में आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा-2024’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और स्वच्छता के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने घोषणा की कि मार्च 2025 तक राज्य के सभी गांवों में कचरा प्रबंधन का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने क्रॉस कंट्री मैराथन को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया और उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को 2017 में देश का चौथा ओडीएफ राज्य घोषित किया गया था। राज्य में अब तक 5 लाख 37 हजार से अधिक शौचालय विहीन परिवारों के लिए शौचालयों का निर्माण हो चुका है।
साथ ही 2600 से अधिक स्वच्छता कॉम्प्लेक्स और 9000 से ज्यादा गांवों में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन का कार्य पूरा कर लिया गया है। राज्य के 77 विकासखंडों में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन इकाइयां भी स्थापित हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य की प्रगति सराहनीय है, लेकिन यह प्रयास तभी सफल हो सकते हैं जब इसमें जनभागीदारी हो। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को केवल औपचारिकता न मानें, बल्कि इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।

मुख्यमंत्री ने देहरादून को राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत देश के पांच सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल किए जाने पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है और राज्य सरकार स्वास्थ्य और स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने नगर निगम देहरादून द्वारा सफाई सुनिश्चित करने के लिए किए गए प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने स्वच्छता कंट्रोल रूम स्थापित किया है जो 24×7 संचालित होता है। इसके साथ ही सफाई के लिए आठ टीमों का गठन और सीसीटीवी से निगरानी जैसे अभिनव प्रयास भी किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विभिन्न विकासखंडों के लिए स्वच्छता रथों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।










