- नगर निगम क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण एवं पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर
- मॉनिटरिंग के लिए बनाए गए नए कंट्रोल रूम
देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने शहर की सफाई एवं सुगम व्यवस्था को लेकर नगर निगम अधिकारियों के साथ एक विशेष समीक्षा बैठक की। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण की समस्या का ठोस समाधान निकालने के लिए नई कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने सफाई कार्यों की सतत निगरानी के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना करते हुए नगर निगम से संबंधित शिकायतों के लिए लैंडलाइन और मोबाइल नंबर जारी किए। इन नंबरों पर की गई शिकायतों की स्वयं जिलाधिकारी और मुख्य नगर आयुक्त मॉनिटरिंग करेंगे।
कूड़ा निस्तारण कार्य में सुधार के लिए 45 दिन की मोहलत दी गई है, और कार्य में लापरवाही बरतने वाली कंपनियों का लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी भी दी गई है। इसके साथ ही, शहर में पार्किंग की समस्या को सुलझाने के लिए नगर निगम परिसर में मल्टी लेवल ऑटोमैटिक/मैकेनाइज पार्किंग की योजना भी शुरू की जा रही है। नगर निगम के ऐप के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया है ताकि नागरिक अपनी शिकायतें सीधे ऐप के माध्यम से दर्ज करा सकें। बैठक में मुख्य नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त बीर सिंह बुदयाल, उप नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल सहित नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।







