हल्द्वानी। हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग में अनधिकृत रूप से वाहनों को पार्किंग करने वाले सावधान। डीएम के निर्देश पर आरटीओ कार्यालय मेें बैठक हुई। बैठक में वाहनों को खड़ा करने वाले स्कूलों और बस संचालकों को वहां से बसों को अन्यत्र पार्किंग करने के लिए स्थान तलाशने के लिए एक सप्ताह की मोहलत दी गयी है। जानकारी के अनुसार नैनीताल रोड में काठगोदाम से नरीमन चौराहे तक निजी वाहनों के अलावा स्कूल की गाड़ियां खड़ी होती हैं। बसों के खड़ा होने से हादसे के साथ जाम की संभावना भी बनी रहती है।
डीएम के निर्देश पर वाहन स्वामियों व स्कूलों को अपने वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था के लिए एक हप्ते का समय दिया गया है। साथ ही निर्धारित अवधि के बाद नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इस दौरान सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन हल्द्वानी नन्दकिशोर, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, केएमओयू लिमिटेड से हिम्मत सिंह नयाल, अधिशासी निदेशक सुरेश सिंह डसीला, सेन्ट थेरेसा स्कूल हल्द्वानी से इन्दर सिंह कार्की, निर्मला कॉन्वेन्ट स्कूल से जैक्सन मसी, सेन्ट्रल बस ट्रान्सपोर्ट से विक्रम सिंह नेगी तथा नन्दन सिंह बोरा, बन्सल ट्रान्सपोर्ट से राजीव कुमार अग्रवाल ने प्रतिभाग किया।






