देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून स्थित भारतीय वन्य जीव संस्थान की एमटीएस पदों की भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह के एक और सदस्य को एसटीएफ ने मंगलवार को गिरफ्तार किया है। अब तक गिरोह के चार सदस्यों को पकड़ा जा चुका है। गिरफ्तार नटवर लाल पर उत्तराखंड पुलिस ने पंद्रह हजार रुपए इनाम घोषित किया था।
एसटीएफ के एसएसपी ने बताया कि विगत वर्ष 2023 में 17, सितंबर को देहरादून के थाना पटेलनगर पर भारतीय वन्य जीव संस्थान के डा सुरेश कुमार द्वारा रिपोर्ट दर्ज करायी गयी कि संस्थान में मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) पद के लिए परीक्षा का आयोजन राजाराम मोहन राय पब्लिक स्कूल, पटेलनगर में हुआ। जिसकी द्वितीय पारी में दो अभ्यर्थियों की गतिविधि संदिग्ध पाई गई। जांच करने पर उनके कान से एक छोटा इयर फोन व छाती पर कमीज के नीचे से कैमरे से युक्त एक ईलेक्ट्रनिक डिवाईस एवं मेज के नीचे से एक और ईलैक्ट्रॉनिक डिवाईस, जिस पर मोबाईल कम्पनी का सिम लगा हुआ था, बरामद हुयी थी। उन्होंने बताया कि थाना पटेलनगर में अभियोग पंजीकृत कर, तत्समय परीक्षा देते हुये पकड़े गये दोनो अभ्यर्थियों नवराज पुत्र ईश्वर एवं प्रदीप पुत्र हरेन्द्र मोर, निवासीगण जीन्द, हरियाणा को गिरप्तार कर जेल भेजा गया था।
बताया कि किसी बड़े संगठित गिरोह के संलिप्त होने तथा परीक्षा में नकल कराये जाने की गम्भीरता को देखते हुये मामले की विवेचना पुलिस मुख्यालय द्वारा राज्य की एसटीएफ को दी गयी। उन्होंने बताया कि विवेचना में एसटीएफ निरीक्षक सुधीर कुमार ने पाया कि इस मामले में पकड़ा गया दूसरा अभ्यर्थी प्रदीप पुत्र हरेन्द्र किसी अन्य अभ्यर्थी मोहित मौर्य के नाम से परीक्षा दे रहा था। इस मामले में अन्य दो सदस्य सोनू पुत्र शीशपाल निवासी कैथल, हरियााण एवं पवन पुत्र सुरेन्द्र, निवासी जीन्द, हरियाणा के नाम प्रकाश में आये। हरियाणा में दबिश के दौरान, वांछित वहां से फरार हो गये। इसके बाद राज्य एसटीएफ द्वारा सोनू सिंह को पिछले महीने कैथल से गिरफ्तार किया गया एव मोहित मोर द्वारा देहरादून कोर्ट में समर्पण किया जा चुका है|
एसटीएफ ने बताया कि अब अन्य वांछित पवन वासी पुत्र सुरेन्द्र वासी के सम्बन्ध में सूचना मिलने पर एसटीएफ की टीम को मंगलवार को जनपद जींद, हरियाणा में भेजा गया, जहां उसे देर रात में रोहतक एसटीएफ के साथ संयुक्त ऑपरेशन में थाना उचाना से गिरफ्तार कर, देहरादून में आज कोर्ट में पेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियुक्त से पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिन पर एसटीएफ इस मामले में आगे और लोगों की भी गिरफ़्तारी कर सकती है।






