हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में 08 फरवरी, 2024 को बिहार के युवक प्रकाश की हत्या का हल्द्वानी दंगा से कोई सरोकार नहीं है और उसकी हत्या अवैध संबंध के कारण हुई है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। नैनीताल के एसएसपी पीएस मीणा ने गुरुवार को हत्याकांड से पर्दा उठाते हुए कहा कि उसकी हत्या अवैध संबंध के कारण हुई है। एसएसपी ने बताया कि बिहार के छिने गांव भोजपुर सिन्हा निवासी प्रकाश और सितारगंज के शक्तिफार्म निवासी सूरज बाइन आपस में दोस्त थे। मृतक का सूरज के घर आना-जाना था। इसी बीच प्रकाश के सूरज की बहन और पुलिस आरक्षी वीरेन्द्र निवासी ग्राम आलावृद्धि पो0 आ0 नगवानाथ, खटीमा की पत्नी प्रियंका से अवैध संबंध बन गये। इसी दौरान मृतक ने प्रियंका का वीडियो बना लिया और वह उसे ब्लैकमेल कर पैसे की मांग करने लगा।
प्रियंका ने जब उसकी बात नहीं मानी तो मृतक ने उसके पति वीरेन्द्र को फोन कर दिया। इससे बाद वीरेन्द्र ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनायी। योजना के मुताबिक मृतक को हल्द्वानी बुलाया गया। तय समय पर प्रियंका का पति वीरेन्द्र, उसका साला सूरज, सूरज के दोस्त प्रेम सिंह निवासी ढौरा बांध, किच्छा, ऊधम सिंह नगर और एक युवक नईम खान निवासी नईम खान उर्फ बबलू निवासी इंद्रानगर पश्चिम, वार्ड नंबर-14, उजाला नगर, बनभूलपुरा, हल्द्वानी ने मृतक को वीडियो डिलीट करने को कहा। जब उसने ऐसा करने से इनकार किया तो उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गयी। चूंकि उसी दिन बनभूलपुरा में दंगा भड़का हुआ था तो आशंका व्यक्त की गयी की, कि प्रकाश की हत्या दंगाइयों ने की है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने जब जांच की तो पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठ गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साजिश में शामिल प्रियंका अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।






