रुद्रपुर। उत्तराखंड की ऊधम सिंह नगर पुलिस ने होटल में छापेमारी कर तीन युवको को नाबालिग युवतियों के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाया, तथा एक युवती स्कूल ड्रैस में मिली। पुलिस ने मामले में होटल मालिक एवं संचालक सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके विरुद्ध पुलिस ने संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है। जानकारी के अनुसार ऊधम सिंह नगर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम प्रभारी बसंती आर्य को ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्रान्तर्गत एएसडीआर होटल में अनैतिक कार्यों की सूचना मिली, जिसपर सीओ सिटी अनुषा बडोला के नेतृत्व में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम व आवास विकास पुलिस चौकी टीम ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए एएसडीआर होटल में छापेमारी की।

टीम को छापेमारी के दौरान होटल के तीन कमरों में तीन युवक नाबालिक युवतियों के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए तथा होटल के एंटी रजिस्टर में भी किसी की भी एंट्री नहीं मिली। साथ ही एक नाबालिक युवती स्कूल ड्रैस में मिली। पूछताछ में नाबालिक युवतियों ने बताया कि उन्हें युवकों द्वारा बहला-फुसलाकर पैसे देने का लालच देकर होटल में लाया गया और उनके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया गया तथा अश्लील फोटो व वीडियो बनाई गई। इधर होटल संचालक एवं मालिक से होटल के दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सके तथा ना ही पकड़े गए युवक युवतियों की कोई आईडी प्रूफ दिखा सके। जिसपर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने होटल संचालक और होटल मालिक सहित 05 व्यक्तियों को मौके पर गिरफ्तार कर नाबालिको को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। उधर पुलिस ने संबंधित धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।






