नैनीताल। डीएम वंदना ने नैनीताल के सात चौराहो के चौड़ीकरण व सौन्दर्यीकरण के लिए अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बस स्टैंड, चीना बाबा, मन्नु महारानी, मस्जिद तिराहा, तल्लीताल रिक्शा स्टैंण्ड, भारतीय स्टैट बैंक चौराहे के चौड़ीकरण एवं सौन्दर्यकरण के सम्बंध में विचार विमर्ष किया। अधिशासी अभियन्ता लोनिवि रत्नेश कुमार ने ड्रोन मैपिंग के माध्यम नैनीताल शहर में यातायात व्यवस्था बाधित या जाम की स्थिति रहने वाले चैराहों की जानकारी दी। डीएम ने सचिव प्राधिकरण के नेतृत्व में गठित टीम को यातायात इंजीनियर से समन्वय बनाकर डीपीआर दस जुलाई तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने धन आंवटित हो चुके विभागों को पन्द्रह जुलाई से कार्य प्रारम्भ करने के निर्देश दिए।
साथ ही जिन विभागों को धन आवंटित नहीं हुआ है, उन्हें अपना प्लान व डीपीआर उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को सौन्दर्यकरण एवं चौड़ीकरण के दौरान निजी सम्पत्ति होने पर वार्तालाप कर सहमति बनाने व सरकारी भूमि पर सम्बन्धित विभाग से समन्वय बनाने के निर्देष दिए। उन्होंने ईओ नगरपालिका व अधिशासी अभियन्ता सिंचाई को नालों की सफाई व्यवस्था करने व प्रतिदिन कार्यों की फोटो-वीडियाग्राफी के निर्देश दिये। साथ ही उपजिलाधिकारी को कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिये। बैठक में अपर जिलाधिकारी शिवरचण द्विवेदी, सचिव प्राधिकरण पंकज उपाध्याय, उपजिलाधिकारी राहुल साह, अधिशासी अभियन्ता एस के सहगल, एजीएम रोडवेज मोहन आर्या, एआरटीओ रश्मि पंत, पुलिस क्षेत्राधिकारी विभा दीक्षित, ईओ नगरपालिका अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल के अलावा सिंचाई विभाग, मण्डी समिति के अधिकारी मौजूद थे।






