- विभाग का दावा तेज़ निर्माण, जनता बोली — धूल और गड्ढों से बेहाल शहर
हल्द्वानी। शहर में चल रहे सड़क और सीवर कार्यों को लेकर एक ओर जहां विभाग ने तेजी से काम होने का दावा किया है, वहीं दूसरी ओर अव्यवस्थित निर्माण और धूल-मिट्टी से परेशान नागरिकों का आक्रोश भी सामने आया है। एडीबी सहायता प्राप्त परियोजना के तहत चल रहे कार्यों को लेकर युयूएसडीए परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह ने कहा कि अब मौसम अनुकूल होने के बाद डामर सड़कों का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया जा रहा है और आगामी एक सप्ताह में इसका व्यापक असर दिखाई देगा। परियोजना प्रबंधक ने बताया कि अब तक शहर में 142 किलोमीटर सड़कों का पुनर्निर्माण किया जा चुका है, जबकि लगभग 90 किलोमीटर सड़कों पर सरफेसिंग का कार्य पूरा हो चुका है और उन पर भी जल्द डामर बिछाने का काम शुरू होगा। उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य है कि अगले दो महीनों में कुल 230 किलोमीटर सड़कों का काम पूरा कर लिया जाए। साथ ही सीवर परियोजना के तहत लगभग 70 से 80 प्रतिशत सड़कों का पुनर्निर्माण किया जा चुका है और शेष हिस्सों में रेस्टोरेशन का कार्य अगले दो-तीन महीनों में पूरा करने की योजना है।
हालांकि, दूसरी ओर शहर के लोगों ने सड़कों के निर्माण में कथित लापरवाही और अनियमितताओं को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट को सामूहिक ज्ञापन सौंपकर नाराजगी जताई है। ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले करीब दो वर्षों से सड़कों को बिना तय योजना और समय सीमा के खोदकर अधूरा छोड़ दिया जाता है, जिससे धूल-मिट्टी और खराब सड़कों के कारण आम जनता, विशेषकर बच्चे, बुजुर्ग और मरीज परेशान हैं तथा दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि ठेकेदार मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं और प्रभावी निगरानी के अभाव में लोगों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा नहीं कराया गया तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। यह ज्ञापन कांग्रेस नेता ललित जोशी के नेतृत्व में दिया गया। फिलहाल विभाग के दावों और जनता की शिकायतों के बीच शहर में सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति को लेकर निगाहें प्रशासन पर टिकी हुई हैं।







