हल्द्वानी। आमजन को सरकारी योजनाओं और बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से वार्ड नंबर 37 में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में यूसीसी विवाह पंजीकरण के साथ-साथ आयुष्मान कार्ड बनाए गए और जरूरतमंद लोगों के लिए जीरो बैलेंस बैंक खाते भी खोले गए, जिससे क्षेत्र के कई परिवारों को सीधा लाभ मिला। युवा भाजपा नेता हृदयेश कुमार तथा उनकी माता और वार्ड नंबर 37 की पार्षद विद्या देवी के सहयोग से पार्षद आवास पर आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी पहुंचे।

शिविर के दौरान IDBI Bank की ओर से लोगों के निशुल्क जीरो बैलेंस खाते खोले गए, जबकि पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। साथ ही यूसीसी के तहत विवाह पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठाया। स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से आम लोगों को सरकारी योजनाओं और जरूरी सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर आसानी से मिल जाता है। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इसी तरह के जनहितकारी शिविरों का आयोजन कर लोगों को शासन की योजनाओं और बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने का प्रयास जारी रखा जाएगा।








