देहरादून। प्रदेश में अंकिता हत्याकांड के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सीबीआई जांच की संस्तुति के बाद प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड ने 11 जनवरी को प्रस्तावित बंद को रद्द करने का फैसला किया है। मंडल के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता के दौरान स्पष्ट किया कि अब बंद का कोई औचित्य नहीं रह गया है और सभी व्यापारिक गतिविधियाँ सामान्य रूप से चलेंगी।
प्रदेश अध्यक्ष नवीन चन्द्र वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद गोयल, कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, संयुक्त महामंत्री नवनीत राणा और जिलाध्यक्ष नैनीताल विपिन गुप्ता ने रामपुर रोड स्थित रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि व्यापार मंडल हमेशा सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के साथ सहयोग के लिए तैयार रहता है, लेकिन इस संवेदनशील मुद्दे पर मुख्यमंत्री द्वारा न्याय सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों के बाद व्यापारिक बंद का समर्थन नहीं किया जाएगा। उन्होंने जनमानस और व्यापारी समुदाय से अपील की कि किसी भी भ्रम में आए बिना अपने व्यवसाय को सामान्य रूप से संचालित करें और सामाजिक या राजनीतिक संगठनों द्वारा बंद के लिए संपर्क किए जाने पर उसके प्रति कोई प्रतिक्रिया न दें। मंडल ने यह भी कहा कि प्रदेश में नारी सम्मान और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और ऐसे कृत्यों के प्रति कड़ा विरोध किया जाता रहेगा।






