- बुद्ध पार्क से कोतवाली तक निकला मशाल जुलूस
- प्रदर्शनकारियों ने जताया विरोध, धरने के दौरान तीखी नोकझोंक
- युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक हिरासत में
हल्द्वानी। रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद कथित तौर पर किए गए शुद्धिकरण के विरोध में बुधवार शाम युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। बुद्ध पार्क, तिकोनिया से हल्द्वानी कोतवाली तक निकाले गए मशाल जुलूस के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं और एनएसयूआई छात्रों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को लेकर कोतवाली परिसर में पहुंचने के बाद माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हुई। युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक के नेतृत्व में युवा कांग्रेस नेताओं और एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण की कार्रवाई का विरोध जताते हुए मशाल जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारी बुद्ध पार्क से नारेबाजी करते हुए हल्द्वानी कोतवाली पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर कोतवाली परिसर में ही धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के बाद रामलीला मैदान में शुद्धिकरण किया जाना कांग्रेस और उसके नेताओं का अपमान है।
इसी मुद्दे को लेकर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और प्रशासन के समक्ष अपनी नाराजगी दर्ज कराई तथा संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। कोतवाली परिसर में धरना शुरू होने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई और देखते ही देखते प्रदर्शनकारियों तथा पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इससे कुछ देर के लिए कोतवाली परिसर में तनाव का माहौल पैदा हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक को हिरासत में ले लिया। युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के बाद किए गए कथित शुद्धिकरण के खिलाफ उनका विरोध जारी रहेगा। वहीं, पुलिस की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। मशाल जुलूस और कोतवाली परिसर में हुए घटनाक्रम के बाद हल्द्वानी में राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई धक्का-मुक्की तथा नेताओं की हिरासत को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली।




