हल्द्वानी। जनपद में गैस, पेट्रोल और डीजल की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आम जनता को बड़ी राहत दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने साफ कहा है कि जिले में ईंधन और रसोई गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा सप्लाई पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की भारत, एचपी और इंडेन गैस एजेंसियों में पर्याप्त गैस स्टॉक मौजूद है और प्रशासन द्वारा इसकी लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी समेत सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गैस, पेट्रोल और डीजल के स्टॉक की नियमित जांच सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार की कमी या अव्यवस्था न हो।
उन्होंने कहा कि बीते सप्ताह जहां गैस का बैकलॉग करीब 40 हजार था, वह अब घटकर 25 हजार रह गया है और स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है। उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है, इसलिए लोगों से अपील की गई है कि वे गैस गोदामों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और ऑनलाइन बुकिंग को प्राथमिकता दें। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति में भी कोई बाधा नहीं है। उन्होंने लोगों को चेतावनी दी कि दहशत में आकर ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें, क्योंकि घरों में ज्वलनशील पदार्थ इकट्ठा करना गंभीर दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे सकता है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न दें तथा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।







