देहरादून। वन विभाग के आशारोड़ी रेंज कार्यालय में तोड़फोड़ और हंगामा करने के मामले में दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कप्तान ने साफ संदेश दिया है कि अराजकता फैलाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के अनुसार वन क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार बेडवाल की ओर से थाना क्लेमेंटाउन में दी गई तहरीर में बताया गया कि वैभव गौड़ और सावेज शाह ने कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और गाली-गलौज करते हुए सरकारी कामकाज में बाधा डाली।

इतना ही नहीं, कार्यालय परिसर में खड़ी वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्लेमेंटाउन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर कड़ी नजर रखी जाएगी।







