नैनीताल/हल्द्वानी। वैश्विक संकट और बढ़ती ईंधन खपत के बीच नैनीताल में प्रशासन और पुलिस ने ईंधन बचाओ अभियान को नई दिशा देते हुए अनोखी पहल की है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अपने आवास से कार्यालय तक पैदल पहुंचकर अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता को ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों के आवास कार्यालय के नजदीक हैं, वे पैदल चलने की आदत अपनाएं और अधिक से अधिक लोग सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि प्रदूषण कम होने के साथ यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहेगी। उन्होंने इसे राष्ट्रहित में छोटा लेकिन प्रभावी योगदान बताया।
वहीं पश्चिम एशिया में जारी वैश्विक संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपील को धरातल पर उतारते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी पैदल चलकर हल्द्वानी स्थित कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कार पूलिंग अपनाने, निजी वाहनों का कम उपयोग करने और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। एसएसपी ने आम जनता से भी इलेक्ट्रिक वाहनों और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग की अपील करते हुए कहा कि ऊर्जा संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है और हर नागरिक की भागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।






