हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद पुनर्वास प्रक्रिया को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बनभूलपुरा संघर्ष समिति ने क्षेत्र में लगाए गए सभी छह पुनर्वास कैंपों का निरीक्षण कर लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रति जागरूक किया और उनकी समस्याओं को सुना। संघर्ष समिति के संयोजक उवेस राजा के नेतृत्व में टीम ने कैंपों में पहुंचकर प्रभावित परिवारों से बातचीत की, जहां बड़ी संख्या में लोग योजना को लेकर भ्रम और असमंजस में नजर आए। समिति द्वारा लोगों को योजना से जुड़ी सही जानकारी दी गई और फॉर्म भरने की प्रक्रिया समझाई गई।

साथ ही राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला प्रशासन के अधिकारियों से भी मुलाकात कर योजना से जुड़े विभिन्न सवालों और अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। संयोजक उवेस राजा ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि जिन लोगों ने योजना के फॉर्म ले रखे हैं, वे जल्द से जल्द उन्हें भरकर जमा कर दें ताकि पुनर्वास प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए लोग सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने और न्याय की उम्मीद में प्रार्थना करने की अपील करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट से न्याय मिलने की पूरी उम्मीद है और सामूहिक प्रयासों से ही समाधान संभव होगा।







