गोरखपुर। दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों पर घर लौटने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेल ने खास तोहफ़ा दिया है। भीड़भाड़ से बचने, परेशानी मुक्त बुकिंग सुनिश्चित करने और ट्रेनों का दोनों ओर से बेहतर उपयोग करने के लिए रेलवे ने प्रायोगिक आधार पर राउंड ट्रिप पैकेज योजना शुरू की है, जिसमें वापसी यात्रा के मूल किराए पर 20% की छूट दी जाएगी। यह योजना 14 अगस्त से बुकिंग के लिए उपलब्ध होगी। योजना के तहत, 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2025 के बीच आगे की यात्रा और 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच वापसी यात्रा करने वाले यात्री लाभ उठा सकेंगे।
खास बात यह है कि वापसी यात्रा टिकटों पर वर्तमान 60 दिनों की अग्रिम आरक्षण अवधि लागू नहीं होगी। बुकिंग केवल दोनों दिशाओं के कन्फर्म टिकटों पर ही मान्य होगी और आगे तथा वापसी यात्रा एक ही श्रेणी व समान आरंभ और गंतव्य स्टेशन के लिए होगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इन टिकटों पर किराया वापसी की अनुमति नहीं होगी और न ही इनमें किसी प्रकार का संशोधन किया जाएगा। फ्लेक्सी किराया वाली ट्रेनों को छोड़कर यह छूट सभी श्रेणियों और विशेष ट्रेनों में लागू होगी। यात्री इन टिकटों की बुकिंग ऑनलाइन या आरक्षण केंद्रों से कर सकेंगे। त्योहारों पर पांच हफ्ते की छुट्टियां मनाने और भीड़ से बचकर यात्रा करने वालों के लिए यह योजना न केवल सस्ती बल्कि सुविधाजनक भी साबित हो सकती है।







