देहरादून। अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण में लापरवाही बरतने पर देहरादून पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा एक्शन लिया है। ऋषिकेश क्षेत्र में एक होटल में बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने के खुलासे के बाद आईडीपीएल चौकी पर तैनात पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी समेत 12 पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामला तब सामने आया जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को गोपनीय सूचना मिली कि हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है।
सूचना के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश पुलिस टीम ने होटल नवरंग में छापेमारी की, जहां मौके से जुआ खेलते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने भारी मात्रा में नगदी, जुआ सामग्री और विभिन्न ब्रांड की शराब भी बरामद की। छापेमारी के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित चौकी स्तर पर चेकिंग और सत्यापन अभियान में गंभीर शिथिलता बरती गई थी, जिसके चलते इतनी बड़ी अवैध गतिविधि संचालित होती रही। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से आईडीपीएल चौकी के पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया। इस सख्त कार्रवाई से स्पष्ट संकेत गया है कि दून पुलिस अब अवैध गतिविधियों को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं करेगी। कप्तान ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाकर कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखें, अन्यथा लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई तय है।







