हल्द्वानी। शहर के नवनियुक्त उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने आज औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी बन सके। प्रेस से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्रों से संबंधित कार्य और न्यायालय से जुड़े मामलों की बड़ी संख्या लंबित चल रही है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना और कोर्ट से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, ताकि आम जनता को त्वरित न्याय मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि शहर में सरकार द्वारा संचालित सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरे हों। किसी भी स्तर पर लापरवाही या समस्या सामने आने पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। एसडीएम ने पूर्व में सामने आए फर्जी प्रमाण पत्रों के मामलों को गंभीर बताते हुए कहा कि इस संबंध में चल रही जांच यथावत जारी रहेगी और जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करेगा तथा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।






