हल्द्वानी। त्योहारों के नजदीक आते ही शहर के मुख्य बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर निगम सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने स्पष्ट कहा है कि बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जल्द ही व्यापक अभियान चलाकर व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। नगर आयुक्त ने बताया कि त्योहार सीजन शुरू होने से पहले मुख्य बाजारों में अतिक्रमण की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। इसे देखते हुए नगर निगम द्वारा मुनादी कराकर लोगों को चेतावनी दी जा रही है और कई स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ जाती है, ऐसे में व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती जरूरी है और भविष्य में एक बड़ा अभियान चलाया जाएगा।

व्यापार मंडल के साथ हुई बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि सभी व्यापार मंडल पूर्व बैठक में शामिल नहीं हो पाए थे, इसलिए जल्द ही एक और बैठक आयोजित की जाएगी। हालांकि बैठक में मौजूद व्यापारियों ने सहमति जताई थी कि यदि कोई भी व्यापारी अतिक्रमण करता है तो व्यापार मंडल उसका समर्थन नहीं करेगा और प्रशासन की कार्रवाई में सहयोग करेगा। नगर निगम ने साफ संकेत दिए हैं कि त्योहारों के दौरान बाजारों में सुगम यातायात और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई तय है।







