हल्द्वानी/लालकुआं। आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लालकुआं क्षेत्र में आयोजित निःशुल्क मेगा हेल्थ चेकअप कैंप ने बड़ी सफलता हासिल की। चंदन हॉस्पिटल के प्रयास से आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया और विभिन्न जांचों का लाभ उठाया। शिविर में 14 अनुभवी सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम ने हृदय रोग, कैंसर, किडनी, न्यूरो, स्त्री रोग, हड्डी रोग सहित कई गंभीर बीमारियों की जांच कर मरीजों को विशेषज्ञ सलाह दी।

कैंप के दौरान ईसीजी, पीएफटी, ब्लड टेस्ट, शुगर और ब्लड प्रेशर जैसी महत्वपूर्ण जांचें निःशुल्क की गईं, जिससे क्षेत्र के 400 से अधिक मरीजों को सीधा लाभ मिला। चंदन हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. परवेज़ अहमद ने इस सफल आयोजन पर कहा कि इस तरह के शिविर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों तक बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे और शिविर आयोजित करने की मांग की है।







