हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी–काठगोदाम द्वारा सोमवार को स्वदेशी दीपावली मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। मेले का उद्घाटन महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। चार दिवसीय यह मेला स्थानीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि इस दीपावली पर हमें देशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए, ताकि न केवल स्थानीय उत्पादकों को प्रोत्साहन मिले, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक सशक्त कदम है।
मेले में नगर निगम के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों ने हाथ से बने दीये, मिट्टी के सजावटी सामान, पारंपरिक वस्त्र और स्वदेशी मिठाइयों के स्टॉल लगाए हैं। नागरिकों की भीड़ इन स्टॉलों पर उमड़ पड़ी और लोगों ने स्थानीय उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई। इस अवसर पर नगर निगम के नोडल अधिकारी, पार्षदगण, सिटी मिशन मैनेजर, सामुदायिक संगठनकर्ता और विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं। आयोजन के दौरान “लोकल फॉर वोकल” के संदेश के साथ आत्मनिर्भर भारत की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।







