हरिद्वार। सत्यापन अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में थाना सिडकुल पुलिस ने मोबाइल रिपेयरिंग दुकान की आड़ में फर्जी आधार कार्ड, मार्कशीट और अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे सघन सत्यापन और चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि सिडकुल क्षेत्र के रावली महदूद में पिपलेश्वर मंदिर के पास स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में फर्जी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ने छापेमारी की, जहां एक युवक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से आधार कार्ड और मार्कशीट समेत अन्य दस्तावेज बनाता हुआ पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पुनीत कुमार पुत्र वेदपाल सिंह, निवासी ग्राम कासमाबाद पोस्ट बुढनपुर थाना स्योहरा जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश बताया, जो वर्तमान में रावली महदूद में रह रहा था।

आरोपी ने स्वीकार किया कि वह सिडकुल क्षेत्र में काम करने आने वाले बाहरी राज्यों के लोगों के लिए आधार कार्ड में नाम-पता बदलने, उम्र में फेरबदल करने और अन्य कागजात तैयार कर प्रिंट निकालकर देता था, जिससे वह अवैध रूप से कमाई कर रहा था। पुलिस ने दुकान की तलाशी के दौरान लैपटॉप, चार्जर, कलर प्रिंटर-स्कैनर, की-बोर्ड, चार आधार कार्ड जिनमें दो कूटरचित पाए गए तथा नौ हाईस्कूल अंकतालिकाओं की फर्जी छायाप्रतियां बरामद की हैं। मामले में थाना सिडकुल में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और फर्जी दस्तावेज बनाकर अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







