नैनीताल। जनपद में एलपीजी सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों और कुछ स्थानों पर कालाबाजारी की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। घरेलू गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने और जमाखोरी व अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने अधिकारियों को लगातार छापेमारी और सघन निगरानी के निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते गैस आपूर्ति और कीमतों को लेकर चिंताएं सामने आ रही हैं। ऐसे में एलपीजी गैस की उपलब्धता बनाए रखना और कालाबाजारी पर रोक लगाना बेहद आवश्यक हो गया है। उन्होंने अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी, सभी उप जिलाधिकारियों और जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि जनपद में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाए और गैस वितरण एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर प्रभावी निगरानी रखी जाए।

डीएम ने निर्देश दिए कि गैस एजेंसियों के गोदामों में उपलब्ध स्टॉक की स्थिति, एलपीजी सिलेंडरों के वितरण की व्यवस्था, एक सिलेंडर के बाद दूसरे सिलेंडर की आपूर्ति में निर्धारित अंतराल के नियमों का पालन तथा उपभोक्ताओं को जारी गैस वितरण पासबुक में वितरण से संबंधित विवरण का सही अंकन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही एलपीजी सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण और छापेमारी के दौरान यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी या व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और घरेलू गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रहे, इसके लिए नियमित निगरानी और सख्त प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।








